डीएम ने पत्रकार वार्ता में बतायीं स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियां
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हुई। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर थी। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 8 से अपराह्न 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मंडी समिति पहड़िया मंडी वाराणसी में निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूर्ण की जायेगी।जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 68 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल निर्धारित हैं—कुल 22 मतदान केंद्र पर 90 मतदेय स्थल निर्धारित हैं । उपलब्ध अद्यतन विवरण के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 67,172 मतदाता पंजीकृत हैं: स्नातक क्षेत्र में 60,396 तथा शिक्षक क्षेत्र में 6,776 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं। जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कार्यवाही की जा रही है। इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत जनपद जौनपुर की मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने, अपमार्जित किए जाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अर्ह एवं पात्र मतदाता का नाम किसी भी कारणवश मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है अथवा मतदाता सूची से विलोपित हो गया है तो ऐसे सभी पात्र मतदाता प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल अथवा ऐप के माध्यम से नाम पंजीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा सकती है।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति की जाँच कर लें। यदि नाम सम्मिलित नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रारूप-6 भरकर आवेदन करें, ताकि पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु नियमानुसार कार्यवाही की जा सके। वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 858 है जो प्रदेश स्तर के औसत से नीचे है। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किए जाएं। विशेष रूप से जो महिलाएं विवाह उपरांत प्रवास कर जौनपुर में आकर निवास कर रही हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ एवं समस्त तहसील प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विशेष प्रयास किया जाय।
जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के अवसर से वंचित न रहे। सभी संबंधित नागरिकों से अनुरोध है कि मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जाँच करें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, सम्मानित पत्रकार बंधु सहित अन्य उपस्थित रहे।













