धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी खरीददारों की भीड़
दिन भर जाम से जूझता रहा नगर
झाड़ू एवं बर्तन की दुकानों पर रही विशेष रौनक
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को नगर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई जो देर शाम तक जारी रही। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। नगर की विभिन्न दुकानों पर लोगों ने झाड़ू, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामानों की खरीदारी किया। धनतेरस के चलते बाजारों में बढ़ी भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर भी दिखाई दिया। नगर में दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। खासकर पुरानी गोला बाजार गली में वाहनों की लंबी कतार लग गयी। इससे राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना और भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। पुलिसकर्मी वाहनों को हटवाकर रास्ता खाली कराने का प्रयास करते रहे लेकिन बाजार में खरीदारों और वाहनों की अधिक आवाजाही के चलते बार-बार जाम की स्थिति बनती रही। धनतेरस पर बाजारों की रौनक से जहां व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आये। वहीं लोगों को खरीदारी के दौरान यातायात की समस्या से भी जूझना पड़ा।











