10 नवम्बर को निकलेगी भगवान श्री चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। सृष्टि के समस्त जीवों के शुभ-अशुभ कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले लेखनी के अधिष्ठाता भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी जनपद में पूरे हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में 10 नवम्बर दिन मंगलवार को आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव एवं शोभायात्रा के संयोजक अंजनी श्रीवास्तव ने संयुक्त प्रेस वार्ता के माध्यम से बताया कि शोभायात्रा अपराह्न 3 बजे टाउन हाल नगर पालिका परिषद से प्रारंभ होगी। यहां से यात्रा कोतवाली, चहारसू, ओलन्दगंज होते हुये रूहट्टा स्थित भगवान श्री चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी जहां शोभायात्रा का समापन होगा। इसके उपरान्त मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया गया है।
कलम के सिपाहियों से विशेष अपील
शोभायात्रा के संयोजक अंजनी श्रीवास्तव ने जनपद के सभी वर्गों के लोगों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील किया। उन्होंने विशेष रूप से पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों तथा पठन-पाठन एवं लेखन कार्य से जुड़े लोगों से इस पावन अवसर पर उपस्थित रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज विद्या, लेखनी और ज्ञान के आराध्य हैं। कलम से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पूजा-अर्चना एवं शोभायात्रा में सहभागिता अवश्य करनी चाहिए। आयोजकों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने तथा भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील किया है।











