सीडीओ ने ग्राम पंचायत परौवा का किया निरीक्षण

तेजस टूडे सं.
मुफ्तीगंज, जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने स्थानीय विकास खण्ड की ग्राम पंचायत परौवा का निरीक्षण करके विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने तथा साफ-सफाई में कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये। वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन पानी की टंकी की प्रगति की समीक्षा की गयी। कार्य की धीमी प्रगति पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। साथ ही कार्य में विलम्ब के चलते सम्बन्धित के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
इसके पश्चात उन्होंने कम्पोजिट विद्यालय परऊवा का निरीक्षण किया जहां विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव तथा शौचालय में गन्दगी पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त किया। उन्होंने सम्बन्धित सफाईकर्मी को निलम्बित करने तथा ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। विद्यालय की टूटी हुई बाउण्ड्रीवाल का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने हेतु भी निर्देशित किया गया जिससे विद्यालय में सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सरोवर परिसर में उगी घास की साफ-सफाई कराने तथा स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाये रखने के निर्देश दिये। ग्राम चौपाल में छूटे पात्र लाभार्थियों को शौचालय, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत, राशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार, अधिशाषी अभियंता जल निगम, खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान आदि उपस्थित रहे।









