HomeJaunpurJaunpur News: गांव के बच्चों को सपनों की उड़ान देने पहुंचा प्रेरणादायक...

Jaunpur News: गांव के बच्चों को सपनों की उड़ान देने पहुंचा प्रेरणादायक सत्र

  • गांव के बच्चों को सपनों की उड़ान देने पहुंचा प्रेरणादायक सत्र

  • सहायक विकास अधिकारी कृषि ने बच्चों से किया सीधा संवाद

  • कहा- सही मार्गदर्शन एवं सेल्फ स्टडी से ग्रामीण बच्चे भी हासिल कर सकते हैं बड़ी सफलता

तेजस टूडे सं.
सोनू गुप्ता
सुरेरी, जौनपुर। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उनके भीतर आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सुरेरी गांव के पंचायत भवन पर एक दिवसीय प्रेरणादायक सत्र एवं युवा जनजागरूकता कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करके उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम वेल्सपन फाउंडेशन फॉर हेल्थ एंड नॉलेज एवं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर उमाशंकर एवं फील्ड फैसिलिटेटर जय देवी की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक विकास अधिकारी (कृषि) जय प्रकाश गुप्ता ने बच्चों एवं बच्चियों से सीधा संवाद करते हुए उनके सपनों, शिक्षा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा किया। साथ ही कहा कि सफलता हासिल करने के लिये निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही दिशा, मार्गदर्शन और मेहनत की है। गांव के बच्चे भी नियमित पढ़ाई और सेल्फ स्टडी के दम पर देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में प्रवेश पा सकते हैं और उच्च पदों पर पहुंचकर अपने परिवार तथा गांव का नाम रोशन कर सकते हैं। इस दिशा में यूथ लर्निंग सेंटर बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है जहां उन्हें नियमित अध्ययन, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सकेगी।
प्रेरणादायक सत्र के दौरान बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभाई। उन्होंने पढ़ाई, करियर और अपने भविष्य से जुड़े सवाल पूछे जिनका अतिथि ने सरल एवं प्रेरक अंदाज में जवाब देकर उनका मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों के चेहरों पर उत्साह और कुछ बेहतर करने का संकल्प देखने को मिला। आयोजकों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गांव के बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिये प्रेरित करना रहा।

 

 

 

 

Must Read