जयन्ती पर याद किये गये लौह पुरूष
चेयरमैन ने राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की दिलायी शपथ
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी सैनी
उन्नाव। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को लखनऊ बाईपास स्थित तिकोनिया पार्क में कार्यक्रम हुआ जहां नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता भानु मिश्रा और भाजपा नेता एवं प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा भानू शामिल हुए। इस दौरान सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया। साथ ही मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर प्रवीण मिश्रा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश की अलग-अलग रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन देश के प्रति समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा की मिसाल है।
वहीं पालिकाध्यक्ष श्वेता भानु ने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में दोनों जनप्रतिनिधियों ने वहां पहुंचे नगरवासियों का स्वागत और अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल, सभासद मीरा आर्या, राकेश साहू, दीपक दीक्षित मोनू, मोहम्मद दिलशाद, शिवबरन कुशवाहा समेत पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।











