साइबर अपराध से बचने की दी गयी जानकारी
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए डा० के.एन.एस. मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एक विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टंडन एवं साइबर पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, और सोशल मीडिया सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल, OTP शेयरिंग व डिजिटल वित्तीय घोटालों से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। निजी डेटा सुरक्षित रखने, प्राइवेसी सेटिंग्स और साइबर ब्लैकमेलिंग से बचाव पर चर्चा हुई। साइबर टीम ने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और त्वरित शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 व पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया गया।













