ठण्ड को देखते हुए अलाव की मुकम्मल व्यवस्था करायें सुनिश्चित: जिलाधिकारी
एम. अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने निरीक्षण कर नगर पंचायत इकौना के अन्तर्गत पूरे नगर क्षेत्र का भ्रमण कर लिया जायजा। इस दौरान जिलाधिकारी ने साहू तालाब, शास्त्री नगर तालाब का निरीक्षण किया तथा इन दोनों तालाबों पर पैमाइश कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होने कहा कि यदि तालाब क्षेत्र की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाता है तो नोटिस देकर तत्काल खाली कराया जाए। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय शास्त्रीनगर का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया तथा स्कूल में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य बाउंड्रीवाल, कमरे में टाइल्स निर्माण कार्य का जायजा, गुणवत्ता से कार्य पूरा करने का निर्देश। उन्होंने कहा कि मिशन कायाकल्प के तहत सभी पैरामीटर्स पर कार्य करके विद्यालय का सौन्दर्यीकरण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। विद्यालय के निरीक्षण के उपरान्त उन्होने नगर पंचायत इकौना के ही अन्तर्गत मोहल्ला आजाद नगर, तिलक नगर सहित पूरे नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान नगर में साफ-सफाई सन्तोषजनक न पाये जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जतायी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इकौना को चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि बेहतर साफ सफाई कराकर नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने नगरवासियों से मिलकर उनका कुशल क्षेम भी जाना। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि ठण्ड को देखते हुए नगर में अलाव की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे नगरवासियों को ठंड से बचाया जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाना नगर पालिका एवं नगर पंचायत का दायित्व है इसलिए नगर को विशेष अभियान चलाकर स्वच्छ बनाया जाए और नगर में चल रहे सौन्दर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूरा कराया जाए जिससे नगर का वातावरण और भी मनोरम हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नगर में गीले कचरे एवं सूखे कचरे के उठान एवं निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए जिससे नगर एवं सड़कों तथा गली में गन्दगी न होने पाये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी इकौना अरूण कुमार, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इकौना डा. अनीता शुक्ला, अवर अभियंता नीरज सहित राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














