दीपावली के दृष्टिगत सीओ ने पटाखे की दुकान का किया निरीक्षण

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। आगामी पर्व दीपावली को सकुशल, शांतिपूर्ण व सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने एवं विश्वास की भावना बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी ललिया द्वारा थाना ललिया क्षेत्र अंतर्गत कस्बा मथुरा बाजार में संचालित पटाखा दुकान का औचक भौतिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ललिया ने आतिशबाजी विक्रेता की दुकान के लाइसेंस, अग्निशमन (फायर फाइटिंग) उपकरणों की उपलब्धता, जल व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दिये गये प्रमुख निर्देश
सुरक्षा उपकरण अनिवार्य दुकानदार को निर्देश दिया गया कि वे दुकान पर पर्याप्त मात्रा में पानी से भरी बाल्टी, बालू तथा चालू स्थिति में अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) अनिवार्य रूप से रखें। मानकों का अनुपालन दुकानें शासन द्वारा निर्धारित एवं आवंटित खुले स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए ताकि किसी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। अवैध भंडारण पर रोक बिना वैध लाइसेंस के पटाखा बेचने अथवा तय मानक से अधिक मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। भीड़ नियंत्रण व सतर्कता दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि दुकान के आस—पास अनावश्यक भीड़ न जुटने दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। क्षेत्राधिकारी ललिया ने आम जनता से अपील की है कि वे दीपावली का त्योहार खुशी और सौहार्द के साथ मनाएं तथा आतिशबाजी छुड़ाते समय सुरक्षा बरतें व बच्चों को अपनी देखरेख में ही पटाखे जलाने दें। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी मथुरा बाजार उपस्थित रहे।









