खप्टिहा 100/3 में नदी की जल धारा रोककर हो रहा अवैध खनन कार्य
खनन माफिया के रसूख के आगे बौना साबित हो रहा खनिज विभाग
रूपा गोयल
बांदा। जीवन दायिनी केन नदी खप्टिहा 100/3 के खदान संचालक की निगाहों में खटक रही है। यही वजह है कि यहां का टॉप वन खनन माफिया खदान संचालक नदी की जलधारा को रोककर भारी भरकम मशीनों से अवैध खनन कार्य कराने में लिप्त है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि लगातार समाचार पत्रों में इस खदान के काले कारनामों की पोल खालने के बावजूद भी खनिज विभाग इस खदान में छापेमार कार्यवाही करने में कांप रहा है।
सूत्रों कि मानें तो खदान संचालक के रसूख के आगे खनिज विभाग अदना साबित हो रहा है। अब अगर यही हाल रहा तो वह समय दूर नहीं जब लोगों को पानी के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ेगी। बताते चलें कि जून माह का लगभग पूरा माह बीतने को है अब गर्मी से लोग बेहाल होने लगे हैं। शहर को केन नदी से बहुत बड़ा पेयजल का सहारा है। शहर सहित आस-पास के कई गांवों के लोगों के लिए केन नदी जीवन दायिनी साबित होती है लेकिन खप्टिहा 100/3 के खदान के खनन माफिया के कारगुजारी से केन अस्तित्व समाप्त होने की कगार पर है।
इस खदान में खनिज विभाग को धता बताते हुए एनजीटी के सारे नियमों को पैरों तले रौंदकर खदान संचालक खनन माफिया द्वारा नदी की जलधारा को रोककर भारी-भरकम प्रतिबंधित मशीनों से दिनरात अवैध खनन का कार्य किया जा रहा है। इस खदान में मनमानी का दौर अपने चरम पर है। खप्टिहा 100/3 की खदान का संचालक रसूखदार होने की वजह से खनिज विभाग के अधिकारी से खदान में हांथ डालने में भी कांपते हैं। यही वजह है कि लगातार काफी अर्से से पूरी तरह से अनियमिततापूर्वक चल रही इस खदान में किसी अधिकारी की निगाह नहीं जाती है। यदि यही हाल रहा और खनन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी नहीं चेते तो जीवनदायिनी केन नदी का अस्तित्व समाप्त करने में खदान संचालक को समय नहीं लगेगा और गर्मी के दिनों लोगों की पानी की समस्या से दो चार होना पड़ेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













