HomeTrendingफॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हॉल में अवैध हुक्काबार का खुलासा

फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हॉल में अवैध हुक्काबार का खुलासा

  • फॉरेस्ट क्लब के ओमेगा पार्टी हॉल में अवैध हुक्काबार का खुलासा

  • कम उम्र के लड़के-लड़कियों को बुलाकर हुक्का पिलाने का आरोप, दो गिरफ्तार

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट क्लब स्थित ओमेगा पार्टी हॉल में कथित तौर पर अवैध हुक्काबार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से 7 हुक्के, फ्लेवरयुक्त तंबाकू के 5 पैकेट, कोयले के 3 बॉक्स, 8 डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, हॉल में कम उम्र के लड़के-लड़कियों को बुलाकर हुक्का पिलाया जाता था और इसके बदले प्रति व्यक्ति 1500 से 2000 रुपये तक वसूले जाते थे। मामले में 4 अन्य आरोपियों को वांछित घोषित कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि फॉरेस्ट क्लब परिसर में स्थित ओमेगा पार्टी हॉल में बिना अनुमति के हुक्काबार चलाया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि हॉल में युवाओं को बुलाकर अलग-अलग फ्लेवर का हुक्का उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए ग्राहकों से मोटी रकम ली जाती थी। सूचना की पुष्टि के बाद खोराबार पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान दो लोगों को पकड़ लिया गया जबकि कुछ अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के अजमेर जिले के मदनगंज निवासी रवि दग्दी और बलरामपुर जिले के सिरसिया निवासी अखिलेश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और हुक्काबार के संचालन में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पार्टी हॉल में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात हुक्के बरामद किए। इन हुक्कों में पाइप और चिलम लगी हुई थी। इसके अलावा फ्लेवरयुक्त तंबाकू के पांच छोटे पैकेट, हुक्के में इस्तेमाल होने वाले कोयले के 3 बॉक्स, आठ डिस्पोजेबल माउथ टिप्स और दो कोल बर्नर भी मिले। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामग्री से प्रथम दृष्टया यह संकेत मिलता है कि वहां नियमित रूप से हुक्का परोसा जा रहा था।
पुलिस अब पार्टी हॉल के संचालन, बुकिंग और वहां आने वाले ग्राहकों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि हॉल के संचालक या प्रबंधन को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं। पुलिस आस—पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कर्मचारियों और संभावित ग्राहकों से भी पूछताछ कर सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। इस मामले में खोराबार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 271 और 223 तथा सिगरेट सहित अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की धारा 21/22 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को केस प्रॉपर्टी के रूप में दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

चार अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले में 4 अन्य लोगों को वांछित किया है। इनमें कैंट थाना क्षेत्र के दक्षिण बेतियाहाता स्थित मन्नत हाउस निवासी रक्ष ढींगरा, शाहपुर थाना क्षेत्र की बिछिया रेलवे कॉलोनी निवासी सोनू गुप्ता तथा दीपक और सागर शामिल हैं। दीपक और सागर के पते की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। पुलिस उनकी पहचान और ठिकाने का पता लगाने के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुक्काबार के संचालन से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कम उम्र के लड़के-लड़कियों को वहां किस माध्यम से बुलाया जाता था और उनसे संपर्क करने के लिए किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जाता था या नहीं। अधिकारियों ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

 

 

 

 

 

Must Read