पत्रकारों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त, नहीं हुई कार्यवाही तो लड़ेंगे आर—पार की लड़ाई जिलाध्यक्ष
पत्रकार से अभद्रता के मामले में संगठन में भड़का रोष, बीएसए को सौंपा ज्ञापन
बालश्रम करवा रहे प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कवरेज करते ही पत्रकार से की थी अभद्रता
अनुभव शुक्ला
रायबरेली। जिले में आये दिन पत्रकार उत्पीड़न के बढ़ते मामलों को लेकर पत्रकार संगठन पूरी तरह से एकजुट हो चुका है। सोमवार को पत्रकारों की एकजुटता देख आलाधिकारी भी दंग रह गये।
विदित हो की बीती 16 फरवरी को कवरेज के दौरान पत्रकार से प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा अभद्रता के मामले को लेकर पत्रकार संगठन में भारी आक्रोश देखने को मिला है। सोमवार को पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष दुर्गेश अवस्थी की अगुवाई में लगभग डेढ़ दर्जन की संख्या में पत्रकारों ने सामूहिक रुप से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। दबंग प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्यवाही की मांग की है।
बताते चलें कि बीते 16 फरवरी को जिले के सलोन ब्लाक स्थित प्राथमिक विद्यालय मटका में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक विवेक शुक्ला द्वारा नौनिहालों से ईटों को उठवाकर बाल मजदूरी करवाई जा रही थी। यह नजारा देख रास्ते से गुजर रहे सूरज नाम के पत्रकार ने कैमरे में जैसे ही कैद किया वैसे ही प्रभारी प्रधानाध्यापक ने पत्रकार के हाथ से मोबाइल छीन कर अभद्रता कर डाली जिसके बाद पत्रकार संगठन ने थाने में तहरीर देने के बाद राज्यमंत्री व डीएम को ज्ञापन सौंपा था।
इस पर अब तक कार्यवाही न होने से नाराज पत्रकार समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों की अगुवाई में बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। वहीं बीएसए ने जल्द ही कार्यवाही का आश्वासन दिया है। इस मौके पर लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।
इस बाबत पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष दुर्गेश अवस्थी ने कहा कि यदि दबंग प्रभारी प्रधानाध्यापक पर कार्यवाही को लेकर जरा भी लापरवाही बरती गई तो प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन किया जाएगा। पत्रकार उत्पीड़न किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











