सभी पात्रों तक पहुंचे सरकारी योजनाएं: सुरेश राही
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री कारागार सुरेश राही ने राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद सतीश चन्द्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, सदस्य विधान परिषद अंगद सिंह, विधायक दिनेश रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा अरविंद मौर्या सहित जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वृद्धा, निराश्रित और दिव्यांगजन शत—प्रतिशत पेंशन योजना से लाभान्वित किये जायें। किसी भी दशा में कोई भी पात्र पेंशन योजना से वंचित न रहने पाये, अन्यथा की स्थिति में संबन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। सभी अधिकारी सरकार की मंशानुसार कार्य करें जिससे सभी योजनाओं का लाभ आम जनमानस तक पहुँच सके। अधिकारी अपने विभाग के कार्य एवं दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। प्रभारी मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही करने वालों पर कार्यवाही की जाए।
सर्वप्रथम जिलापूर्ति अधिकारी ने विभाग से सम्बंधित कार्यो की जानकारी जनप्रतिनिधियों को प्रदान किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा पूर्व दशम छात्रवृत्ति और दशमोत्तर छात्रवृत्ति सम्बंधित जानकारी प्रदान की गई। दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा पेंशन सम्बंधी जानकारी दी गयी। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने पूर्व दशम छात्रवृत्ति और दशमोत्तर छात्रवृत्ति के विषय में बताया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन विभागों में विकास कार्य अधूरे हैं, उन्हें समय पर पूरा किया जाए। समाज कल्याण विभाग ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम का जितना लक्ष्य था, उसके अनुसार कार्य किया जा रहा है। इसके बाद बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के प्रार्थना पत्रों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने उद्योग और खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष स्वरोजगार के लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। गन्ना विभाग के अधिकारियों को गन्ने की खेती में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष पौधरोपण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। पौधरोपण के उपरांत रोपित किये जाने वाले पौधों को बचाने के लिये पर्याप्त जरूरी इंतजाम ट्री गार्ड, तार की बाड़ लगाई जाए जिससे पौधों की रक्षा हो सके। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि चिकित्सा विभाग की बहुत शिकायतें रहती हैं। प्रसव उपरांत समस्त प्रसूता महिलाओं को योजनाओं का लाभ शीघ्रता से प्रदान किया जाए। अस्पताल में किसी प्रकार की धनउगाही आदि की शिकायतें मिली तो सम्बंधित पर कार्यवाही की जाएगी। चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो और अस्पताल में मरीज़ों का बेहतर इलाज किया जाय।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










