श्रावस्ती में जाली नोट छापने वाले गिरोह का भण्डाफोड़, 3 गिरफ्तार
1.74 लाख के नकली नोट, प्रिंटर समेत छपाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। थाना सोनवा पुलिस और एसटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली भारतीय मुद्रा छापने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल (भिटिया चिचड़ी) में छापेमारी कर जाली नोट छापते हुए तीन अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गिरिजा शंकर जायसवाल निवासी बहराइच, नरेन्द्र चौरसिया तथा वृजेन्द्र गोस्वामी निवासी श्रावस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 1 लाख 74 हजार रुपये के 804 जाली नोट (100, 200 और 500 रुपये के मूल्यवर्ग), एक कैनन कलर प्रिंटर, चार इंक रिफिल, पेपर, कटर, कैंची, 3 मोबाइल और 5,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे यूट्यूब वीडियो और अन्य माध्यमों से जानकारी लेकर जाली नोट तैयार कर रहे थे। दीपावली के त्योहार पर बाजार में नकली नोट खपाने और असली नोटों के बदले 3 गुना जाली नोट देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने थाना सोनवा में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











