एसडीएम सदर कार्यालय में धारा 80 से लेकर चरित्र प्रमाण पत्र और वरासत का रेट है तय
उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से लेकर नायब तहसीलदार भी भ्रष्टाचार के आकण्ठ में डूबे!
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टालरेन्स की नीति को उनके मातहत ही ठेंगा दिखा रहे हैं। बताते चलें कि सदर तहसील में भ्रष्टाचार की जड़े बहुत गहरी हो चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो एसडीएम सदर कार्यालय में धारा 80 से लेकर चरित्र प्रमाण पत्र और वरासत कराने में बिना चढ़ावे के कोई भी काम नहीं होता है। अगर सही काम है तो प्रत्येक काम का रेट फिक्स कर दिया गया है। अगर पत्रावली में तनिक भी विवादित है तो बिचौलियों द्वारा मुंहमांगा धन वसूला जाता है। अगर किसी भी वादी ने अवैध धन वसूली में आनाकानी की तो उस पत्रावली को धूल फांकने के लिए छोड़ दिया जाता है।
सबसे हास्यास्पद है कि लगातार शिकायतों के बावजूद भी सदर तहसील में सरकारी पत्रावलियों में काम करने वाले बाहरी व्यक्तियों को हटाने की जहमत कोई अधिकारी नहीं उठा रहा है। इससे साबित होता है कि सदर तहसील में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार से लेकर नायब तहसीलदार भी भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबे हुए हैं। बीते कुछ दिनों से लगातार खबरें छपने के बाद कर्मचारियों ने अपने कमाऊ पूतों को कार्य दिवस में आने पर रोक लगा उनको कार्यालय बंद होने के बाद रात के अंधेरे में बुलाकर पत्रावलियों में हेराफेरी का काम कराने लगे हैं।
एसडीएम पेशकार कक्ष में सरकारी पत्रावलियों में काम करने वाला कौन है ‘रोशन’?
एसडीएम पेशकार कक्ष में सरकारी पत्रावलियों में काम करने वाला रोशन कौन है, इसका जबाब सदर तहसील के किसी भी अधिकारी के पास नहीं है। आखिर एसडीएम और उनके पेशकार को कौन सा मोह है कि विरोध के बावजूद बिना किसी निविदा और संविदा के तथाकथित कर्मचारी रोशन से सरकारी पत्रावलियों में लगातार काम कराया जा रहा है। यही नहीं, एसडीएम के न्यायालय में एक तथाकथित व्यक्ति खुलेआम सरकारी पत्रावलियों में काम करता रहता है जिसके बारे में चर्चा है कि न्यायालय में किस फाइल को आगे बढ़ाना है अथवा समाप्त करने की डील कराने में महारत हासिल है।
जांच कराकर दोषियों के ऊपर की जायेगी कार्यवाहीः जिलाधिकारी
इस संबंध में जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला मेरे संज्ञान नहीं था। आपके बताने पर संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराकर दोषियों के ऊपर कठोर कार्यवाही कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















