HomeTrendingमिठाई निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी

मिठाई निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी

  • मिठाई निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्राप्त अभिसूचना के आधार पर बेहटा, झिलाही के निकट स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई पर छापेमारी कर निरीक्षण की कार्रवाई किया। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष मल, नंदकिशोर यादव एवं अंकुर मिश्रा शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर चमचम मिठाई का निर्माण किया जा रहा था। निर्मित चमचम की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने की आशंका के दृष्टिगत टीम द्वारा मौके से चमचम का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त चमचम के निर्माण में प्रयुक्त खाद्य पदार्थ तथा पनीर का भी एक-एक नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 3 नमूने संग्रहित किए गए हैं जिन्हें गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में खराब एवं उपभोग के योग्य न पाए गए खाद्य पदार्थ भी पाए गए। इनमें 85 किलोग्राम खराब चमचम, जिसकी अनुमानित कीमत 11,900 रुपये तथा 5 किलोग्राम पनीर, जिसकी कीमत 1,750 रुपये आंकी गई, शामिल हैं। उक्त दोनों खाद्य पदार्थों को विक्रेता द्वारा स्वयं मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया, ताकि इनका जनसामान्य के उपभोग में इस्तेमाल न हो सके।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार रहने के निर्देश दिये गये।

 

 

 

 

Must Read