डीजल शेड के समीप रेलवे यार्ड में लगी आग
6:48 बजे मिली सूचना से मची हलचल
झाड़ियों या स्क्रैप में आग लगने की आशंका
डीआरएम ने मौके पर भेजकर करायी जांच
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। डीडीयू जंक्शन स्थित डीजल शेड के समीप रेलवे यार्ड में आग लगने से रेलवे परिसर में हलचल मच गई। शाम 6:48 बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया। यार्ड क्षेत्र से उठता धुआं देखकर आस—पास मौजूद लोगों का ध्यान भी उधर आकर्षित हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेलवे यार्ड में मौजूद झाड़ियों अथवा वहां रखे स्क्रैप और कबाड़ सामग्री में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में लगी, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के संबंध में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने बताया कि मौके पर अधिकारियों और संबंधित टीम को भेजकर आग लगने की स्थिति की जांच कराई जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी और इसकी वजह क्या रही। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। डीजल शेड के समीप रेलवे यार्ड में आग लगने की घटना को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे परिसर में बड़ी मात्रा में उपकरण, कबाड़ सहित अन्य सामग्री मौजूद रहती है। ऐसे में आग लगने की घटनाओं से आसपास के क्षेत्र में खतरा उत्पन्न हो सकता है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने या रेल परिचालन प्रभावित होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। रेलवे प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान का पता चल सकेगा।











