गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग, टला बड़ा नुकसान, ढीले बिजली तारों से निकली चिंगारी
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी/कैलाश राजपूत
जसराना, फिरोजाबाद। स्थानीय क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर में सोमवार को एक गंभीर लापरवाही बड़ा हादसा बनते-बनते टल गई। खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की कम ऊंचाई के कारण हुए शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल को आग के हवाले कर दिया। हालांकि समय रहते ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया जिससे सैकड़ों बीघा फसल जलने से बच गई। बताया जा रहा है कि गांव निवासी धर्मपाल सिंह के खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार सामान्य मानकों से काफी नीचे, करीब चार से पांच फुट की ऊंचाई पर लटक रहे थे।
इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी सीधे खेत में जा गिरी जिससे गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने एक बीघा से अधिक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आस—पास के खेतों में करीब 70 से 80 बीघा गेहूं की फसल खड़ी थी जिससे स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई। अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान कई गुना बढ़ सकता था। सूचना के बावजूद दमकल वाहन खेत तक नहीं पहुंच सका और सड़क पर ही खड़ा रह गया। इस बीच गांव के लोगों ने बिना देर किए बाल्टियों, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
महिलाओं और युवाओं ने मिलकर तेजी से काम किया जिसके चलते आग को फैलने से रोक लिया गया। आग की लपटों की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खेत के पास खड़े पीपल के पेड़ के पत्ते भी झुलस गये। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से नीचे झूलते तारों की शिकायत की जा रही थी लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया। आग बुझाने में गांव के राजेंद्र, प्रमोद यादव, सुधांशु, पुष्पेंद्र, निलेश, गिरीश कुमार, राजीव सहित कई अन्य ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सामूहिक प्रयास से एक बड़ी दुर्घटना टल गयी लेकिन इस घटना ने व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिये हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



