गेहूं की बुवाई से पहले खाद का संकट गहराया
सहकारी समितियों पर लटके ताले
सचिवों की हड़ताल से खाद वितरण ठप
तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। गेहूं की बुवाई का समय बेहद नजदीक आ चुका है। खेती किसानी के लिए किसानों के सामने खाद का संकट गहराने लगा है। स्थानीय क्षेत्र की मधुकरपुर, जोहवा नटकी, घुरवारा, नाथखेड़ा और कंधरपुर सहित कई साधन सहकारी समितियों पर सचिवों की हड़ताल के चलते ताले लटक रहे हैं जिससे खाद वितरण पूरी तरह ठप हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि समितियों के गोदामों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में किसान निजी दुकानों से महंगे दामों पर डीएपी और यूरिया खरीदने को मजबूर हैं जिसके कारण किसानों पर खेती की लागत का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। डलमऊ क्षेत्र के भगवानपुर छतम्बा एवं जोहवा नटकी के राम आसरे, राम सेवक, आकाश, प्रभुदयाल, विकास इंद्र बहादुर सिंह, अवधेश मौर्य, संजय सिंह, राम लखन, राम सजीवन आदि किसानों ने बताया कि वह सभी दो-तीन दिनों से सहकारी समिति के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन हर बार ताला लटकता मिलने से मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
वहीं किसान यूनियन के मनोज यादव और राम सजीवन ने बताया कि सचिवों की हड़ताल के कारण खाद वितरण बंद है। गेहूं की बुवाई के लिए डीएपी की अत्यधिक जरूरत है समय पर किसानों को खाद नहीं मिली तो बुवाई में देरी हो सकती है। किसानों का कहना है कि डीजल, बीज और जुताई की बढ़ती लागत के बीच महंगे दामों पर खाद खरीदना उनकी मजबूरी बन गया है। किसानों ने प्रशासन से मांग किया कि हड़ताल के बावजूद समितियों पर खाद वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसानों को समय से उचित मूल्य पर खाद मिल सके और बुवाई प्रभावित न हो।











