बेटी के हाथ पीले करने से पहले पिता की हुई मौत
असामयिक मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी सैनी
उन्नाव। भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्र के महाई गांव में एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब पिता की मौत के बाद चीख-पुकार और गम का माहौल है। जानकारी मिलने पर भगवंत नगर विधानसभा से बीजेपी के टिकट की दावेदारी कर रहे अविचल शुक्ला पीड़ित परिवार के आवास पहुंचे, दुःखी परिजनों को ढांढस बंधाया। जानकारी के अनुसार बीघापुर के महाई गांव के रहने वाले पप्पू कुवैत में नौकरी करते थे। आगामी 30 नवंबर को उनकी बेटी की बारात आनी है। शादी की तैयारियो को लेकर वह गांव आए थे। बीते 5 नवंबर को पप्पू अचानक लापता हो गए। परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे रहे लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उनका अंत इतना दर्दनाक होगा। इसी दरमियान उनका शव अचलगंज थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पीछे पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
अविचल ने दिवंगत के परिजनों को बंधाया ढांढस
इसकी जानकारी जब अविचल शुक्ला को हुई तो टीम के साथ पीड़ित के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर मामले में आवश्यक सहयोग और पीड़ित परिवार की मदद के लिए जोर दिया। साथ ही उन्होंने पप्पू की बेटी की शादी में अपनी ओर से यथासंभव आर्थिक सहित अन्य सहायता उपलब्ध कराने का वादा किया। अविचल शुक्ला ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं और हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
बेटी के सिर से पिता का साया उठने के इस दर्दनाक समय में अविचल शुक्ला की पहल ने एक बार फिर सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।











