मुम्बई में मौजूद व्यक्ति के नाम मनरेगा के कामों में फर्जी तरीके से भेजी गयी मजदूरी
सीडीओ को दिये शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने प्रधान के रिश्तेदारों के खाते में मजदूरी भेजने का लगाया आरोप
मनरेगा की धनराशि का भांव ग्रामसभा में गलत तरीके से उपभोग की जांच कराये जाने की मांग
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। मुख्यमंत्री की जीरो टालरेन्स की नीति को प्रधानों और ग्राम पंचायत/विकास अधिकारी ही ठेंगा दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं। मनरेगा के कामों में घोर अनियमितता और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किये जाने का आरोप लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि राही ब्लाक की भांव ग्रामसभा के ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी को दिए गये शिकायती पत्र में बताया कि ग्रामसभा में मनरेगा के जॉब कार्डधारक रंजीत कुमार उपस्थिति मास्टर रोल संख्या 4474 के क्रम में उसके खाते में 19698 रुपए भेजे गये हैं। यहां सबसे बड़ा आरोप लगाया गया है कि रंजीत कुमार पिछले लगभग 1 वर्ष से मुंबई में रह रहा है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने प्रधान की रिश्तेदार अर्शीन बानो उपस्थिति मास्टर रोल 4475/6175 के क्रम में इनके खाते में लगभग 14 हजार रुपए फजला बेगम, औसान मौर्य सहित कई अन्य लोगों के खाते में बिना मजदूरी के लाखों रुपए भेजे जाने का गंभीर आरोप ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी हंसराज सिंह के ऊपर लगाया हैं। साथ ही राजवित्त, चौदहवां वित्त और बारहवें वित्त से आई धनराशि को ग्राम पंचायत अधिकारी और प्रधान प्रतिनिधि की मिलीभगत से लाखों रुपयों का गबन किये जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से बीती 23 फरवरी को दिए गये शिकायती पत्र में जांच कराये जाने की मांग की थी जिसमें अभी तक कोई भी विभागीय कार्यवाही न किया जाना अत्यंत अफसोसजनक है। इस भ्रष्टाचार को दबाने की कोशिश की जाने पर शिकायतकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुये बताया कि यदि जल्द ही जांच न हुई तो मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











