प्रख्यात कवि डा. उर्मिलेश का 71वां जन्मदिवस मना
अंकित सक्सेना
बदायूं। प्रख्यात गीतकार, गजलकार डा. उर्मिलेश के 71वें जन्मदिवस पर उन्हें नगर के साहित्य एवं संस्कृति प्रेमियों ने सादगी के साथ याद किया। डा. उर्मिलेश जनचेतना समिति के तत्वावधान में काव्य संध्या एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह आयोजि किया गया जिसमें प्रख्यात कवि नरेन्द्र गरल की नवीन पुस्तक सीपियों में का लोकार्पण हुआ। यह पुस्तक उन्होंने डा. उर्मिलेश को समर्पित की है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने बदायूं क्लब में डा. उर्मिलेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। साथ ही मां सरस्वती एवं डा. उर्मिलेश के चित्र परपुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि डा. उर्मिलेश साहित्य एवं अपने विशेष व्यक्तित्व के साथ पूर्व में किये गये विभिन्न सामाजिक कार्यों के कारण सदैव याद किये जायेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिल्सी के काव्य गौरव रहे जनकवि भूपराम शर्मा भूप, काका देवेश एवं डा. उर्मिलेश की स्मृति में शीघ्र कुछ स्मारकों का निमार्ण कराया जायेगा एवं आगामी दिनों में वृहद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कराया जायेगा। समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं कवियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डा. उर्मिलेश को समर्पित नरेन्द्र गरल द्वारा रचित नवीन गजल संग्रह का विमोचन विधायक हरीश शाक्य, विशिष्ट अतिथि उपायुक्त मनरेगा रामसागर यादव एवं जिलापूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा एवं गजलकार डा. कृष्ण कुमार नाज एवं डा. राम बहादुर व्यथित ने संयुक्त रुप से किया। मुरादाबाद के गजलकार डा. कृष्ण कुमार नाज ने गजल संग्रह के खूबियों को प्रस्तुत करते हुये कहा कि सीपियों में पुस्तक गजल एवं कविता प्रेमियों के लिए नायाब संग्रह है।
काव्य गोष्ठी में सरस्वती वन्दन अभिषेक अनंत ने प्रस्तुत की। मुरादाबाद के उदय अस्त ने कहा कि अच्छे से समझाना होगा, अमन बेचने वालों को, चौराहे पर फांसी दे दो, गला रेतने वालों को। डा. अक्षत अशेष ने अपने पिता डा. उर्मिलेश को याद करते हुये कहा कि यह यहीं ही नहीं, मुझको विश्वास है, आप देते हैं आशीष मुझको सदा, मुझको आभास हरदम यह होता रहा, बीते लम्हों की यादें संजोता रहा। विशिष्ट अतिथि उपायुक्त मनरेगा रामसागर यादव ने कहा कि सांझा चूल्हा, सांझा भोजन, अब वो खतिर बात नहीं, पहले जैसे दिवस नहीं अब, पहले जैसी रात नहीं। जिलापूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा ने कहा कि तुम अगर साथ दो, साध लूं मौन मैं, हाथ थामों अगर जान लूं कौन मैं। डा. राम बहादुर व्यथित ने कहा, पूजा के ये फूल कुंवर, न्योछावर तुम पर बार-बार, अर्पित अक्षत रोली चन्दन, श्रद्धा का तर्पनबारबार। अभिषेक अनंत ने कहा कि तुम्हारी याद रखके मोतियों में, धरी श्रद्धा है हमने सीपियों में। डा. कृष्ण कुमार नाज ने कहा कि आपकी सांसें मिलों तो खिल उठा पूजा वजूद, वरना मेरा क्या है, इक छोठा सा गुब्बारा हूं मैं। नरेन्द्र गरल ने कहा कि ऐ मुहब्बत हो सके तो साथ चल, नफरतों के काफिले हैं दूर तक। सुरेन्द्र नाज ने कहा, किये जो तजुरबे हासिल गजल की वादियों में, गरल जी ने सजाकर रख दिये सब सीपियों में। डा. निशांत असीम ने कहा कि व्यथा का सरोवर तुम्हें सौंपता हूं, कहानी मनोहर तुम्हें सौंपता हूं, बहुत दिन हुए हैं संभाले-संभाले, तुम्हारी धरोहर तुम्हें सौंपता हूं। आशीष वशिष्ठ ने कहा कि यह गजल संग्रह कहूं या आइने में जिन्दगानी, सीपियों में पल रहे कुछ मोतियों की है कहानी। सुवीन माहेश्वरी ने कहा कि देखते ही देखते अनेक वर्ष गये बीत, उर्मिलेश जी के गीत आज भी अमर हैं।
जैन इण्टर कालिज के प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता ने संग्रह के सम्बन्ध में प्रकाश डाला। अन्त में सभी का आभार व्यक्त करते हुये समिति के सचिव डा. अक्षत अशेष ने कहा कि डा. उर्मिलेश ने कहा विगत 17 वर्षों में डा. उर्मिलश की स्मृति में स्थापित अनेक समाजसेवी कार्यों एवं आयोजनों के लिए समिति की ओर वे सदैव जनपदवासियों एवं सहयोगियों के आभारी रहेंगे। इस अवसर पर आचार्य गुरुचरण मिश्रा, दीपक सक्सेना, प्रदीप शर्मा, नीरज माहेश्वरी, संजय रस्तोगी, आलोक पाठक, राहुल चौबे, डा. विजय बिन्दू, प्रपंच जौहरी, शम्स बदायूंनी, सौरभ शंखधार, सुमित मिश्रा, नितिन गुप्ता, ब्रजेश मिश्रा, पंकज शर्मा, नितेश वार्ष्णेय, विभोर शर्मा, रजनीश शर्मा, इकबाल असलम, सुमित गुप्ता, तेजस्वी जौहरी आदि उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















