सलोन कस्बे में मौत बनकर दिन-रात दौड़ रहे गंगा एक्सप्रेस-वे में लगे डम्पर
कस्बे से गुजरते भारी वाहनों को मूकदर्शक बनकर देखती है पुलिस
टोल टैक्स की डर से दिन—रात कस्बे से गुजरते हैं सैंकड़ों डम्पर, आये दिन लगता है जाम
अनुभव शुक्ला
सलोन, रायबरेली। जिले में इन दिनों भारी वाहनों से आये दिन सड़क हादसों में राहगीरों को जान गंवानी पड़ रही है किन्तु सलोन पुलिस कहीं और नहीं बल्कि घनी आबादी वाले कस्बे से होकर दिन भर में गुजर रहे सैंकड़ों डंपर व ट्रकों पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
विदित हो कि अभी कुछ ही माह पहले जिले के ही गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र स्थित खगिया खेड़ा में अनियंत्रित डंपर चाय की गुमटी में घुसने से एक दर्जन लोगों की मौत हो गई थी किंतु सलोन पुलिस भारी वाहनों को इस कदर खुली छूट दे रखी है कि मानो सलोन पुलिस भारी वाहनों से किसी भयानक दुर्घटना होने का इंतजार कर रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भले ही पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी आये दिन यातायात पुलिस को निर्देश जारी कर उपकरण बांटें किंतु सलोन एक ऐसी तहसील जहां की पुलिस यातायात के नाम पर चालान काटना ही अपना कर्तव्य समझती है। घनी आबादी वाले सलोन कस्बे से होकर दिन—रात ओवर लोड ट्रक व गंगा एक्सप्रेस-वे में लगे डंपर दौड़ते हैं किंतु देखने के बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
बताते चलें कि निर्माणाधीन सलोन जगतपुर मार्ग से गंगा एक्सप्रेस-वे में लगे सैंकड़ों डंपर सलोन कस्बे से तेज रफ्तार में इस कदर गुजरते हैं की राहगीरों का चलना मुश्किल हो जाता है। अभी कुछ ही माह पूर्व थाना से चंद मीटर दूरी पर ही कस्बा चौकी के ठीक सामने एक छात्रा को ट्रक ने कुचल दिया था जिसका लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था किंतु सलोन पुलिस इन हादसों से भी कोई नसीहत लेने को तैयार नहीं है।
बताते चलें कि गंगा एक्सप्रेस-वे में लगे डंपरों का रुट लखनऊ इलाहाबाद राजमार्ग से है किंतु ऊंचाहार थाना क्षेत्र के ही चंडरई चौराहा से कुछ ही दूरी पर टोल प्लाजा स्थित है जिस कारण टोल बचाने की जुगत में जगतपुर से सीधा ओवरलोड डंपर सलोन कस्बे से होकर गुजर रहे हैं।
आखिर सलोन पुलिस डंपर चालकों पर इतना क्यों मेहरबान है, यह एक सबसे अबूझ पहेली बनी हुई है। हालांकि इस बाबत इंस्पेक्टर नारायण कुशवाहा ने बताया कि सलोन कस्बे से जो भी वाहन गुजर रहे हैं, उन पर मेरे द्वारा 25—25 हजार रूपए का जुर्माना किया गया है। पत्राचार भी किया गया है। जल्द ही इन भारी वाहनों पर अंकुश लगाया जायेगा।
एक्सप्रेस-वे के जिम्मेदारों से वार्ता कर डम्परों के कस्बे में इण्ट्री पर लगाया जायेगा अंकुश: सीओ
इस बाबत तेजतर्रार सीओ अमित सिंह ने बताया की जानकारी मिली है की कुछ डंपर गंगा एक्सप्रेस-वे के आते हैं व कुछ एनटीपीसी के! जल्द ही एक्सप्रेस वे व एनटीपीसी के जिम्मेदारों से वार्ता की जायेगी कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश जल्द ही प्रतिबंधित कर दिया जायेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













