जौनपुर के डा. विवेक गुप्ता पंजाब आईएमए के प्रान्तीय चेयरमैन बनाये गये
परिवार सहित पूरे जनपदवासियों में छायी खुशी की लहर
जौनपुर। प्रतिभाएं कभी भी परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती और अगर उसके साथ समर्पण और जुझारूपन हो तो फिर क्या कहने। जनपद निवासी डा. विवेक गुप्ता की सफलता यात्रा दास्तां इस विश्वास को और मजबूत करती है।

आईएमए अकादमी आफ मेडिकल साइंस स्पेशलिटी पंजाब प्रांत के चेयरमैन पद पर उनका पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि मेहनत लगन के साथ काम किया जाय तो सफलताएं कदम चूमती हैं। जनपद के केराकत तहसील के मूल निवासी डा. विवेक गुप्ता की प्रारम्भिक शिक्षा-दीक्षा नगर के खासनपुर स्थित भारती विद्या मंदिर और माध्यमिक शिक्षा प्रतिष्ठित नगर पालिका इंटर कालेज में हुई। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विज्ञान स्नातक डा. गुप्ता का चयन सीपीएमटी के माध्यम से बाबा राघव दास मेडिकल कालेज गोरखपुर में हुआ। के.ई.एम. कालेज एंड हास्पिटल मुंबई से चिकित्सा शिक्षा परास्नातक डा. गुप्ता ने नवप्रवेशी ब्रांच क्रिटिकल केयर को जनसेवा के लिए चयनित किया। अत्यंत संभावना वाली इस ब्रांच में उन्होंने स्वाध्याय एवं अभिनव प्रयोग द्वारा ढेरों प्रतिमान कायम किये।
उनके किए गए अनुसंधानों में मौत के भाई सल्फास के जहर को उपलब्ध संसाधनों से निष्प्रभावी कर प्राण रक्षा प्रणाली काफी चर्चा में है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी यह अविष्कार खासा लोकप्रिय हो रहा है। विशेष रूप से ईरान, मिस्र और सऊदी अरब में यह प्रणाली वहां तेल के कुओं से निकलने वाली फास्फीन गैस से पीड़ितों को जीवन दान दे रही है। इतना ही नहीं, कोरोना काल में संक्रमण पीड़ितों के इलाज के दौरान चिकित्सकों और चिकित्सा टीम के बचाव के लिए ईजाद किया गया लाइफ बाक्स लाभकारी सिद्ध हो रहा है। आक्सीजन कमी के दौरान डा. विवेक ने आईआई टी रोपड़ के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर आक्सीजन बचत के लिए आक्सीजन सेवर नाम की एक बहुउद्देशीय और बहु उपयोगी डिवाइस का निर्माण किया जिससे मरीजों की आक्सीजन आवश्यकता में कटौती किए बगैर 30 से 40 प्रतिशत तक बचत की जा सकती है। दूसरे चरण के कोरोना संक्रमण के दौरान यह डिवाइस गेम चेंजर साबित हुई। ढाई दशक से मरीजों और पीड़ितों की अहर्निश सेवाओं के लिए डा. विवेक को समय-समय पर सम्मान और उपाधियों से भी नवाजा गया। सन् 2017 में इंडियन कालेज आफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन ने उन्हें उनके अनवरत अनुसंधान, पाठन एवं नेशनल ट्रेनर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए परास्नातक फेलोशिप से नवाजा। वर्ष 2018-19 में अद्वितीय एवं उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए आईएमए की एकेडमिक इकाई ने डा. विवेक गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठापरक डा. ए.के. एन सिन्हा पुरस्कार से सम्मानित किया।
पूरे देश में सीपीआर ट्रेनिंग प्रोग्राम की रूपरेखा तैयार करने और सार्क देशों के साथ पूरे देश में इस प्रोग्राम को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया था। संप्रति हीरो डीएमसी हार्ट सेंटर लुधियाना में कंसलटेंट एवं वरिष्ठ क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ नेशनल ट्रेनर के तौर पर भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अकैडमी आफ मेडिकल साइंसेज स्पेशलिटी के राज्य अध्यक्ष के रूप में व जनमानस और पीड़ितों के लिए कुछ बेहतर कर पाएंगे। नई जिम्मेदारियों से उत्साहित डा. गुप्ता का कहना है कि उनके नेतृत्व में चिकित्सा शास्त्र की विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान की बेहतर संभावनाओं की तलाश की जाएगी। विशेष रूप से आकस्मिक एवं आपात चिकित्सा के क्षेत्र में चिकित्सकों के बीच नई तकनीकी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए सिस्टम बनाना उनकी प्राथमिकता होगी जिससे मानव कल्याण में चिकित्सक अपना सर्वोच्च योगदान कर सकें। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जौनपुर के सचिव डा. अजहर अहसन जाफरी ने डा. विवेक गुप्ता के अध्यक्ष पद के चयन पर हर्ष व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि उनके नेतृत्व में अकादमी गतिविधियां और चिकित्सा क्षेत्र में अनुसंधान को नया आयाम मिलेगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















