डीएम—एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियाद
963135
डीएम—एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियाद
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डा0 कौस्तुभ की उपस्थिति में स्थानीय तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां जिलाधिकारी ने गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायती प्रार्थना पत्रों पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाय।
चन्द्रावती देवी, इन्द्रावती, द्रौपदी ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना-पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि मड़वा मोहिउद्दीनपुर पर अंगुली तहसील शाहगंज की भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है और प्रतिकर भुगतान हेतु प्रार्थनीगण को नोटिस भी दी गयी थी। आवश्यक अभिलेख जमा करने के बावजूद भी 1 वर्ष बीत जाने के उपरान्त भी मुआवजा अभी प्राप्त नहीं हुआ है और सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि 15 जून तक प्रकरण का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
उर्मिला निवासी डीह अशरफाबाद ने प्रार्थना पत्र दिया कि पड़ोसी द्वारा मकान बनाने में विवाद उत्पन्न किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार शाहगंज और थाना प्रभारी द्वारा राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अवरोधों को खत्म कराते हुए समस्या का निदान करने के निर्देश दिये गये। इसी प्रकार जिलाधिकारी के समक्ष राजस्व विभाग, भूमि विवाद, पथरगड्डी, पेंशन आदि से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय कर लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण करायें। उन्होंने सभी से अपील किया कि अपनी माँ के नाम 1 पौधा अवश्य लगायें। साथ ही सभी थानों में भी वृक्षारोपण कराया जाय। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों के लिए ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष 203 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये। मौके पर 18 शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 लक्ष्मी सिंह, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
वहीं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राम अक्षयबर चौहान की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसी क्रम में अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ जहां तमाम लोग उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।