सड़क सुरक्षा पखवाड़े का डीएम ने किया शुभारम्भ
जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। हेलमेट और सीट बेल्ट पहनना केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा का महत्वपूर्ण उपाय है। हेलमेट-सीटबेल्ट पहनकर दिखावा करने के बजाय इसे अपनी आदत बनायें। सड़क पर जल्दबाजी और तेज रफ्तार दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हम न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि दूसरों का जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उक्त बातें जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कही।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 16 से 30 नवम्बर तक आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति गंभीर एवं जिम्मेदार होना होगा। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पूरी तरह पालन करें। सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। जागरूकता रैली में प्रतिभागियों ने ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’, ‘हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें’ एवं ‘तेज रफ्तार से बचें’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। रैली कलेक्ट्रेट से प्रारंभ होकर पटेल चौराहा, जिला अस्पताल, पल्हरी मोड़ एवं नाका होते हुए बहराइच बाईपास पर समाप्त हुई।










