महाप्रबन्धक दक्षिण मध्य रेलवे ने की सुरक्षा समीक्षा बैठक

  • महाप्रबन्धक दक्षिण मध्य रेलवे ने की सुरक्षा समीक्षा बैठक

तेजस टूडे ब्यूरो
परबत सोलंकी
हैदराबाद। दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय श्रीवास्तव ने रेल निलयम सिकंदराबाद में पूरे जोन में रेल परिचालन की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में दक्षिण मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजेश पी. खाड़े सहित सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों ने भाग लिया। तीनों मंडलों अर्थात सिकंदराबाद, हैदराबाद एवं नांदेड के मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान संजय श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा संबंधी कार्यों के रख—रखाव की नियमित समीक्षा करने की सलाह दी, ताकि निर्धारित सभी सुरक्षा कार्य नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यार्ड एवं ब्लॉक सेक्शनों में चल रहे कार्यों के दौरान केबल कटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया जिससे रेल परिचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से जारी रह सके। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को पटरियों के आस—पास चल रहे निर्माण कार्य स्थलों पर नियमित सुरक्षा अभियान चलाने तथा निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को पूरे जोन में सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी कर्मचारियों के बीच निरंतर सतर्कता बनाए रखने और सुरक्षा जागरूकता को और मजबूत करने के निर्देश दिये।