देवा मेला की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के दिये निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने शनिवार को मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों एवं मेला कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक करके तैयारियों की समीक्षा कर विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले जायरीन को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मेला परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालयों, आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों सहित अन्य जनसुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता की निरंतर निगरानी की जाए, पर्याप्त सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को सभी प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा किसी भी संभावित समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक प्रबंध रखने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय सहायता, आवश्यक दवाओं, एम्बुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा प्रबंध, नियमित गश्त, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को कहा। सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य निगरानी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखने, महिला जायरीन की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने यातायात एवं परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने, प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बनने देने तथा आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध रखने तथा आपातकालीन सेवाओं को तत्पर रखने को कहा। निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।













