डीएम व कमिश्नर ने पार्थिव शरीर को दिया कंधा
सड़क दुर्घटना में इंस्पेक्टर की मौत से लखनऊ पुलिस में शोक
रिजर्व पुलिस लाइन में दी गयी श्रद्धांजलि
अखिलेश श्रीवास्तव
लखनऊ। जनपद में पुलिस इंस्पेक्टर संजय सिंह की सड़क हादसे में मौत से पूरे विभाग में शोक है। रविवार को उनका पार्थिव शरीर रिजर्व पुलिस लाइन लाया गया। लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश और पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उन्हें राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पहुँचाया गया।

लखनऊ के नवनिर्मित सैरपुर थाने के पहले इंस्पेक्टर संजय सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस वालों की भीड़ लगी रही। विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारियों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसमे संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था पीयूष मोर्डिया, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध नीलाब्जा चौधरी, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय रईश अख्तर, पुलिस उपायुक्त उत्तरी एस चिनप्पा, पुलिस उपायुक्त अभिसूचना एवं सुरक्षा श्याम नारायण सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी प्राची सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त महानगर जया शांडिल्य प्रमुख रूप से शामिल रहे।
मासूम बेटियों के सिर से उठ गया पिता का साया
संजय के मौत की खबर सुनकर आये उनके भाई धनंजय सिंह ने बताया कि उनके 5 साल से 14 साल तक कि तीन बेटियां हैं। संजय इनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर बेहद फिक्रमंद थे। वे बेटियों को अफसर बनाना चाहते थे। उधर पति मौत से पत्नी चारु सदमे में हैं। वे रोते-रोते बेसुध हो जा रही हैं। किसी तरह परिजन पार्थिव शरीर के साथ बच्चों और पत्नी को ढांढस बांधकर अपने मूल निवास बिहार के औरंगाबाद ले गए। वहाँ सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सहकर्मियों ने बताया कि सोमवार को सैरपुर थाने का उद्घाटन होना था। संजय इसी की तैयारी में जुटे थे। शनिवार रात वो अपनी कार से थाने जा रहे थे। सीतापुर रोड पर भिठौली क्रासिंग के पास उनकी कार ट्रक से टकरा गई थी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













