विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर जिलाधिकारी ने दिलायी शपथ
31 मई से 21 जून तक चलेगा तम्बाकू मुक्त अभियान
राघवेन्द्र पाण्डेय
अमेठी। जिलाधिकारी राकेश मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर अधिकारियों, कर्मचारियों को शपथ दिलाई एवं तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन कदापि न करें एवं अपने आस—पास के लोगों को भी इससे होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि तंबाकू के सेवन से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी हो सकती है। जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी, ड्रग इंस्पेक्टर तथा अन्य प्रवर्तन वाले विभागों को मेडिकल स्टोर व किराने की दुकानों पर कफ सिरप, नशे के इंजेक्शन व अन्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध अभियान चलाने को कहा।
जिला कृषि अधिकारी को जनपद में अवैध गांजे की खेती पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि एनडीपीएस के अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूल व कॉलेजों में तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में वृहद जागरूकता अभियान चलाने को कहा एवं स्कूल व कॉलेज के आस—पास कोई भी नशीले पदार्थ बिक्री की दुकानों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विमलेंदु शेखर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 31 मई से 21 जून तक तंबाकू मुक्त युवा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत सभी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, शिक्षण संस्थानों पर तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ जेपी सिंह, जिला आबकारी अधिकारी आरके वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राम प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











