सेवा सेतु अभियान का हुआ शुभारम्भ
एक छत के नीचे मिलीं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
तेजस टूडे सं.
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय विकास खंड सभागार में मंगलवार को 22 से 26 सितंबर तक चलने वाले ‘सेवा सेतु अभियान’ का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिनेश तिवारी ने किया। अभियान के तहत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने अन्नप्राशन व गोदभराई कार्यक्रम आयोजित कर मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों को हियरिंग एड वितरित किए। कृषि विभाग सहित महिला स्वयं सहायता समूहों ने भी स्टॉल लगाये। खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग, सीडीपीओ बीनू सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राम सिंह, एडीओ एजी सर्वेश पाल, चिकित्साधिकारी सर्वेश मिश्रा, एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार, मुख्य सेविका ऋचा मौर्या सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किये गये।










