अमृत महोत्सव पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
रूपा गोयल
बांदा। आजादी के अमृत महोत्सव के समापन समारोह के कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत रविवार देर शाम सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क, नवाब टैंक में जनपद बांदा में लखनऊ के काकोरी से आयी अमृत रथ यात्रा के सदस्यों द्वारा देश भक्ति से सम्बन्धित कार्यक्रम एवं लेजर शो के माध्यम से सन् 1857 से लेकर 1947 तक देश को आजादी मिलने तक के दौरान घटी घटनाओं का उकृष्ट प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में अमृत रथ यात्रा के सदस्यों द्वारा देशभक्ति से संबंधित गीत एवं देश को आजादी दिलाने एवं स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पहलुओं को अपने भाव तथा विचारों के द्वारा प्रकट किया। सदस्य कुलदीप सिंह चौहान द्वारा देशभक्ति से संबंधित गीत ‘जहां डाल-डाल पर चिड़िया करती हो बसेरा, वह भारत देश है मेरा’ तथा दीपांशी ने वीर शहीदों की याद में ऐ मेरे वतन के लोगों तथा राष्ट्रीय एकता, अनेकता में एकता का संदेश तथा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावनाओं से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति की। कार्यक्रम में लेजर शो के द्वारा सन् 1857 से लेकर 1947 तक देश को आजादी मिलने तक इसके दौरान देश को आजादी दिलाने में अमर वीर सपूतों मंगल पाण्डेय, रानी लक्ष्मी बाई, नानाराव पेशवा, चन्द्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुभाष चन्द्र बोस, सुखदेव, राजगुरू, बाल गंगाधर तिकल, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल आदि के स्वतंत्रता आन्दोलन में दिये गये अमूल्य योगदान का विस्तार पूर्वक प्रदर्शन किया गया। जिसकी बडी संख्या में उपस्थित जनसमूह द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गयी। इसके साथ ही लेजर शो के माध्यम से आजादी के बाद देश द्वारा की गयी प्रगति एवं विकास का भी बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वि/रा उमाकांत त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य सहित अमृत रथ यात्रा के सदस्य अनुराग श्रीवास्तव, सौरभ शर्मा, शशि गुप्ता, पवन राज सहित टीम के अन्य सदस्य एवं जनप्रतिनिधिगण तथा बडी संख्या में नागरिक गण उपस्थित रहें।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










