नहरों की खुदाई में ठेकेदारों ने किया खेल
किसानों में भड़का आक्रोश, जिम्मेदारों ने कार्यवाही का दिया भरोसा
ऊंचाहार व सलोन सर्किल क्षेत्रों की नहर खुदाई में हुआ है भ्रष्टाचार, सपा विधायक ने उठाया मुद्दा
अनुभव शुक्ला
रायबरेली। जिले में नहरों की सफाई को लेकर के किसानों में आक्रोश व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि इस बार नहरों की सफाई बेहतर तरीके से नहीं की गई है जिसका संज्ञान लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडेय ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी हर्षिता माथुर से की है।
बताते चलें कि नहरों की सफाई को लेकर सपा विधायक मनोज पांडेय ने आरोप लगाए है। उनका कहना है कि प्रतापगढ़ का जो खंड रायबरेली में काम करता है जो नहरों की सफाई और अनुरक्षण का काम करता है उसमें सिर्फ बंदर बाट हुआ है। सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। इसके अलावा पुलों के बगल में भारी पत्थरों को लगाकर जो तटबंदी करनी थी, उसमें भी खानापूर्ति की गई है। मैं समझता हूं कि इस बार नहरों की सफाई बहुत ही खराब तरीके से की गई है। मैं इसकी शिकायत संबंधित अधिकारी से करूंगा और इसकी जांच कराऊंगा।
यदि सूत्रों की मानें तो जिले में 445 छोटी-बड़ी नहरें हैं और 3 लाख के करीब किसान अपनी फसल की सिंचाई इन्हीं नहरों से करते हैं। इस बार नहरों की सफाई के लिए ढाई करोड रुपए खर्च करने की अनुमति मिली है। विदित हो कि पिछली बार नहरों की सफाई के लिए 7 करोड़ रुपए का बजट आवंटित हुआ था। नहरों में ज्यादातर सिल्ट जमी हुई है जिसकी वजह से टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि माइनरों और रजबहों को हेड से टेल तक साफ कराया जाय। हरदासपुर दक्षिणी माइनर की सफाई ढंग से नहीं हुई है।
सलोन तहसील क्षेत्र की भी नहरों की खुदाई में ठेकेदारों ने किया है जमकर खेल
यदि देखा जाए तो यह हाल ऊंचाहार के साथ साथ सर्किल के भी तीनों ब्लाकों में है। सलोन सर्किल की खतियारा मटका कमालुद्दीन पुर सहित लगभग आधा दर्जन नहरों की खुदाई के नाम पर ठेकेदारों ने जमकर खेल किया है। इसके अलावा अभी पिछले हफ्ते डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दादू और लोधवारी से रोखा तक नहर की सफाई को लेकर के किसानों ने आरोप लगाया था। हालाँकि नहर विभाग के तेज—तर्रार एई शिवशंकर ने जांच कर सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
जिले की समस्त रजबहों व माइनरों के लिये नोडल अधिकारी किये गये हैं नियुक्त: डीएम
इस बाबत जिले की तेज—तर्रार जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि समस्त रजबहो और माइनरों की सफाई के लिए नोडल अधिकारी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों को कहा गया है। 7 दिसंबर से पानी भी स्टार्ट हो गया है। कहीं कोई समस्या आती है तो जांच करा करके उस पर कार्यवाही की जाएगी।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














