डीएम—एसपी की अध्यक्षता में सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। जमीन से सम्बंधित सभी प्रकरणों में पुलिस व राजस्व की टीमों द्वारा संयुक्त रुप से प्रकरण का निस्तारण किया जाय, ताकि फरियादियों को अलग-अलग भटकना न पड़े व प्रकरणों का त्वरित व न्याय पूर्ण निस्तारण हो सके। साथ ही जमीन सम्बंधित मामलों जो कि थाना स्तर, आईजीआरएस या अन्य सभी माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अंकित कर दोनों पक्षों को सूचित करते हुए पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर प्रकरण का निस्तारण करते हुए रिपोर्ट आख्या दोनों पक्षों के समक्ष ही बनाकर उनके हस्ताक्षर कराये जाएं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने य़ह निर्देश संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिनस्थों को दिये। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी निखिल टी फुण्डे और पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में हुआ। शासन की मंशानुरूप फरियादियों को त्वरित न्याय की व्यवस्था के लिए प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले “थाना/सम्पूर्ण समाधान दिवस” के क्रम में दिन शनिवार को जनपद के समस्त तहसीलों पर “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। जन सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से सुनते हुए कुछ का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा कुछ प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण हेतु सम्बंधित को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार ने तहसील सदर पर उपस्थित रहकर संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की समस्यों को सुनकर संबंधित अधिकारियों को जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके विधिक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिक्षा, पुलिस, राजस्व, बिजली, नलकूप, हैंडपंप, जिला पंचायत, सिंचाई, नगर पालिका सहित अन्य विभागों की शिकायतें आई जिनके निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा अपने सर्किल की तहसीलों में उपस्थित रहकर जनशिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण कराया गया। वरासत में यदि किसी का नाम गलत हो तो उसे सुधार कर ही खतौनी दिया जाय। जब भी अधिकारीगण गांव में भ्रमण पर जाए, अपने विभाग से संबंधित योजनाओं-कार्यक्रमों का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों को फीडबैक भी लें।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










