डीएम की अध्यक्षता में कैसरगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
अब्दुल शाहिद
बहराइच। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसों की कड़ी में तहसील कैसरगंज में जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर., उपजिलाधिकारी पंकज दीक्षित, पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ आये फरियादियों के समस्याओं की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिये गये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई के दौरान लेखपाल आदित्य श्रीवास्तव के विरूद्ध अनियमित्ता की शिकायत पाये जाने पर डीएम ने दोषी लेखपाल को निलम्बित करने का निर्देश दिया। समाधान दिवस में ग्राम भदरौली से दिव्यांग भुवन प्रताप सिंह को डीएम के निर्देश पर तत्काल दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किया गया। गोडहिया नं. 2 निवासी चुनामन लाल के यहां विद्युत कनेक्शन का विच्छेदन हो जाने के बावजूद विद्युत बिल प्राप्त होने तथा एैनीहतिन्सी के मो. आसिफ के बिल सम्बन्धी शिकायत का डीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए अधि.अभि. विद्युत कैसरगंज से तत्काल समाधान कराया। साथ ही निर्देश दिया कि ऐसे सभी विभागीय मामलों में तत्परता के साथ कार्यवाही की जाय। इसी प्रकार ग्राम पंचायत हरचन्दा-जरवल चकरोड की पटाई व पेयजल परियोजना परिसर में मिट्टी भराई से सम्बन्धित कार्य को तत्काल स्वीकृत कराते हुए शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार ग्राम सिदरखी अलहियापुर से आयी फरियादी सावित्री के राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना से सम्बन्धित प्रार्थना पत्र को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की गई। डीएम मोनिका रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को त्वरित न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र पाण्डेय, पीडी डीआरडीए राजकुमार, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी, तहसीलदार कैसरगंज अजय यादव, बीडीओ, बीईओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्षगण मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) में सम्पन्न हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 20 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार अन्य तहसीलों महसी में प्राप्त 32 में 3, सदर बहराइच में प्राप्त 38 में 2, कैसरगंज में प्राप्त 274 में 18, नानपारा में प्राप्त 70 में 7 तथा पयागपुर में प्राप्त 129 में 6 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














