HomeTrendingछठ पर्व हमारी संस्कृति, पवित्रता एवं अटूट आस्था का महापर्व: मुख्य सचेतक

छठ पर्व हमारी संस्कृति, पवित्रता एवं अटूट आस्था का महापर्व: मुख्य सचेतक

  • छठ पर्व हमारी संस्कृति, पवित्रता एवं अटूट आस्था का महापर्व: मुख्य सचेतक

  • छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर दीघा के विभिन्न गंगा घाटों का किया निरीक्षण

  • स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था समय पर पूरी करने के दिये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
सिद्धार्थ सुमन
बिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने दीघा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत दीघा के विभिन्न प्रमुख गंगा घाटों का सघन निरीक्षण किया और वहाँ की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों तक पहुँचने वाले रास्तों की स्थिति, ढलानों की मरम्मत, बैरिकेडिंग और नागरिक सुविधाओं की वर्तमान प्रगति की समीक्षा किया, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान पटना नगर निगम और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के संबंधित वरिष्ठ तकनीकी, प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी के अनेक समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि छठ महापर्व की शुचिता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए घाटों से गाद एवं गंदगी की निरंतर सफाई,संपर्क पथों का सुदृढ़ीकरण, पर्याप्त हाई-मास्ट व वेपर लाइट, चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा बैरिकेडिंग जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में सुनिश्चित की जायं।
इस मौके पर डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, पवित्रता और अटूट आस्था का महापर्व है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दूर-दराज से आने वाले छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए हम सभी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जन-प्रतिनिधि और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निरंतर तत्पर हैं, ताकि सभी घाटों पर छठ महापर्व का आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित, भव्य और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

 

 

 

 

Must Read