प्रान्तीय कार्तिक मेला में अव्यवस्थाओं का बोलबाला
सौ वर्ष पीछे हुआ डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेला
संदीप पाण्डेय
डलमऊ, रायबरेली। 3 नवंबर से प्रारंभ हो रहे डलमऊ का ऐतिहासिक प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला करीब 100 वर्ष पीछे हो गया है। भाजपा सरकार के आते ही सन 2021 में डलमऊ का ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला प्रांतीय मेला घोषित हुआ था लेकिन मौजूदा समय में हो रही मेले की तैयारियों से क्षेत्रीय लोग अनुमान लगा रहे हैं कि डलमऊ का ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला करीब 100 वर्ष पीछे हो गया है। जो तैयारियां इस समय हो रही हैं, यह कभी 100 साल पहले हुआ करती थी।
स्नान घाटों से लेकर मुख्य मार्गों तक जंगली बबूल और झाड़ियां उगी हुई है जिसकी अभी तक साफ सफाई नहीं कराई गई है। मेले में वीआईपी क्षेत्र मेला कोतवाली और श्मशान घाट पर हैंडपंप पानी देना बंद कर दिए हैं लेकिन अभी तक हैंडपंपों को रिबोर नहीं कराया गया है। ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन को भी बूंद बूद पानी के लिए तरसना पड़ेगा। अधिकारियों की अनदेखी की वजह से इस वर्ष मेले में पहले जैसी रौनक नहीं दिखाई दे रही है। डलमऊ गंगा घाट ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले की वजह से जाना जाता है।
इस मेले में वाहनों के साथ-साथ भारी संख्या में बेलगाडियां भी आती है जो मेले की शोभा बढ़ा देती है। प्रशासन इस वर्ष साफ-सफाई को लेकर जरा सा भी गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है। मेले में चारों ओर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। लोगों का मानना है कि कार्तिक पूर्णिमा मेला की तैयारियां 100 वर्ष पहले की तरह हो रही है। डलमऊ गंगा घाट पर 3 नवंबर से दुकानदारों का आना-जाना लग जाएगा। 5 और 6 नवंबर को मेला क्षेत्र में श्रद्धालु अपना डेरा डाल देंगे। 7 नवंबर को डलमऊ महोत्सव मेला का उद्घाटन होगा। 8 नवंबर को पूर्णिमा है जिसमें लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लग रहा है लेकिन तैयारियों से ज्यादा मेला क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













