कार ने बालक को रौंदा, हुई दर्दनाक मौत
रूपा गोयल
बांदा। दोस्तों के साथ जामुन खाने जा रहे बालक को तेज रफ्तार कार ने पहले टक्कर मारी। बालक कार के अगले बंपर में फंस गया और तकरीबन 20 मीटर तक घिसटता चला गया। कार चालक ने वाहन को रास्ते में रोका और फंसे हुए बालक को निकालने के बाद मौके से वाहन समेत फरार हो गया। बालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव निवासी करन (10) पुत्र छत्रपाल बुधवार की शाम अपने साथियों के साथ जामुन खाने जा रहा था। तभी अतर्रा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने करन को टक्कर मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गया और कार के बंपर में फंस गया। तकरीबन 20 मीटर तक कार चालक बालक को घसीटता हुआ ले गया। बच्चों के शोर मचाने पर कार चालक ने वाहन को रास्ते में रोककर बंपर में फंसे बालक को बाहर निकाला। जब तक गांव वाले पहुंच पाते, तब तक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। साथियों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन करन को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के चाचा वंशगोपाल ने बताया कि करन गांव के ही साथियों के साथ जामुन खाने के लिए खेत जा रहा था। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता है। अचानक हुए इस हादसे से मां सुंदी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









