HomeTrendingफाइलेरिया उन्मूलन को 19 नवम्बर से चलेगा अभियान, डीएम बोले- दवा खाने...

फाइलेरिया उन्मूलन को 19 नवम्बर से चलेगा अभियान, डीएम बोले- दवा खाने में न बरतें लापरवाही

  • फाइलेरिया उन्मूलन को 19 नवम्बर से चलेगा अभियान, डीएम बोले- दवा खाने में न बरतें लापरवाही

  • बेहजम, फूलबेहड़ एवं पसगवां में 8.71 लाख से अधिक लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। फाइलेरिया के संक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाने और इसके उन्मूलन के लिए जिले में 19 नवंबर से विशेष दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू होगा। बेहजम, फूलबेहड़ और पसगवां ब्लॉक में 7 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत एक वर्ष से अधिक आयु के 8,71,813 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन कराने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम अंजनी सिंह ने अधिकारियों को माइक्रोप्लान के अनुसार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने तीनों ब्लॉकों के चिकित्सा अधीक्षको को निर्देशित किया कि अभियान का संचालन निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुरूप किया जाय। स्वास्थ्य टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को दवा सेवन कराएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाये। तराई क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अभियान में विशेष सतर्कता और प्रभावी निगरानी जरूरी है।

अधिकारी खुद दवा खाकर देंगे संदेश
अभियान के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने और भ्रांतियां दूर करने के लिए डीएम ने अभिनव पहल के निर्देश दिए। सभी अधिकारी स्वयं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार दवा का सेवन करेंगे और अपनी फोटो अपलोड करेंगे। ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों को भी दवा सेवन कर लोगों को प्रेरित करने के लिए कहा गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसहभागिता के बिना अभियान का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।

873 टीमें संभालेंगी घर-घर दवा सेवन की जिम्मेदारी
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि तीनों ब्लॉकों के 137 सब-सेंटर्स के अंतर्गत 873 टीमें गठित की गई हैं। इनकी निगरानी के लिए 175 सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। अभियान से जुड़े करीब 98 प्रतिशत फील्ड स्टाफ को प्रशिक्षित किया जा चुका है। बेहजम, फूलबेहड़ और पसगवां में क्रमशः 6,455, 10,000 और 8,000 प्रवासियों को भी अभियान के दायरे में शामिल किया गया है।

तीन दवाओं के संयोजन से होगा बचाव
सीएमओ ने बताया कि अभियान में आईडीए पद्धति के तहत आइवरमेक्टिन, डाईइथाइल कार्बामाजीन (डीईसी) और एल्बेंडाजोल का निर्धारित आयु एवं पात्रता के अनुसार सेवन कराया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी अपने सामने लोगों को दवा खिलाएंगे। दवाओं का सेवन खाली पेट नहीं करना है। गर्भवती महिलाओं और एक वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवा नहीं दी जाएगी। किसी भी तरह की परेशानी होने पर स्वास्थ्यकर्मी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

संक्रमण के बाद जटिल हो जाती है बीमारी
डीएम ने कहा कि फाइलेरिया के प्रति जागरूकता और समय रहते बचाव बेहद जरूरी है। तराई क्षेत्र में इस बीमारी के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। संक्रमण के बाद बीमारी लंबे समय तक गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है और इसके कारण होने वाली शारीरिक जटिलताओं का उपचार कठिन होता है, इसलिए दवा सेवन के साथ संभावित मरीजों की पहचान और उनका समुचित दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया जाय।

 

 

 

 

Must Read