तीन बत्ती में बुलडोजर का प्रहार, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कम्प
प्रभाग—5 में मनपा की कार्यवाही क्या पूरे शहर में चलेगा निष्पक्ष अभियान?
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी के 3 बत्ती क्षेत्र में महानगर पालिका प्रशासन ने शुक्रवार को अतिक्रमण के विरुद्ध बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जाधारियों को कड़ा संदेश दिया है। प्रभाग क्रमांक 5 में हुई इस कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण अवैध शेड, ठेले सहित अन्य बाधाएं हटाई गईं।
सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी और यातायात जाम की समस्या झेलनी पड़ रही थी हालांकि सवाल यह है कि जब अतिक्रमण लंबे समय से फल-फूल रहा था तब संबंधित विभाग के अधिकारी अब तक क्या कर रहे थे प्रशासन की कार्रवाई स्वागतयोग्य है लेकिन इसकी निष्पक्षता भी उतनी ही आवश्यक है। कार्रवाई केवल छोटे दुकानदारों और ठेला चालकों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रभावशाली कब्जाधारियों और बड़े अवैध निर्माणों पर भी समान कठोरता दिखाई जाय।
बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाना पर्याप्त नहीं, बल्कि दोबारा कब्जा रोकना प्रशासन की असली परीक्षा है। भिवंडी को अतिक्रमण मुक्त बनाना है तो मनपा को दिखावटी अभियानों से आगे बढ़कर स्थायी निगरानी और जवाब देही सुनिश्चित करनी होगी। आखिर सार्वजनिक सड़कें किसी की निजी जागीर नहीं हैं।











