24 घण्टे बाद यमुना में डूबे आसिफ का मिला शव
नहाते वक्त यमुना के गहरे पानी में समा गये थे दो युवक
दीपक कुमार
कैराना, शामली। नहाते वक्त यमुना नदी में डूबे दूसरे युवक का शव चौबीस घंटे बाद बरामद हो गया है। पुलिस ने 10 प्राइवेट गोताखोर युवक की तलाश में यमुना में लगाये थे। यमुना में डूबकर दो युवकों की हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। विगत गुरुवार को कस्बे के मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी नईम (20) अपने भतीजे आसिफ (18) व साजेब (19) के साथ पानीपत के सिनेमाघर में फिल्म देखने के लिए घर से निकला था। नईम के अनुसार शो चालू होने में समय था। इसलिए उन्होंने यूपी-हरियाणा बॉर्डर से गुजर रही यमुना नदी में नहाने का मन बनाया। तीनों यमुना किनारे पर पहुंच गए और नहाने लगे। नईम किनारे पर नहा रहा था, जबकि आसिफ और साजेब नहाते हुए काफी दूर तक चले गए और अचानक डूब गए। उन्हें डूबता देख नईम ने शोर मचा दिया और मामले की सूचना यमुना ब्रिज चौकी पुलिस को दी।इस पर यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी एसआई मनेंद्र सिंह टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राइवेट गोताखोरों को बुलाकर यमुना में डूबे युवकों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू करा दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी यमुना किनारे पर पहुंच गए। शाम करीब साढ़े छह बजे यमुना में डूबे साजेब के शव को गोताखोरों ने बरामद कर लिया। जबकि दूसरे युवक की तलाश में देर शाम तक अभियान जारी रहा। शुक्रवार को भी पुलिस ने यमुना में डूबे दूसरे युवक की तलाश शुरू की। प्रातः करीब आठ बजे दस प्राइवेट गोताखोरों ने यमुना में सर्च अभियान चलाया। कई घंटे चले सर्च अभियान के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे युवक का शव ब्रिज के निकट से यमुना नदी से बरामद हो गया। परिजन मृतक युवक के शव को बिना किसी कानूनी कार्यवाही के ही अपने साथ ले गए। दो युवकों के यमुना में डूबने से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। वहीं, एसआई मनेंद्र सिंह का कहना है कि यमुना में डूबे दोनों युवकों के शव बरामद हो गए हैं। परिजन बगैर पोस्टमार्टम के ही शवों को अपने साथ ले गए।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










