कैराना में धड़ल्ले से बिक रहे नशे के इंजेक्शन
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
कैराना, शामली। स्थानीय क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शन व दवाइयों का कारोबार अपने चरम पर है। यहां नशे की लत के शिकार युवाओं को बड़ी आसानी से नशे के इंजेक्शन उपलब्ध हो जाते हैं।
औषधि विभाग इस ओर से अपनी आंखे बंद किये हुए है। नशे के प्रतिबंधित इंजेक्शन और दवाइयों की बिक्री का धंधा करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक थोड़े से मुनाफे के लालच में युवाओं को समय से पहले मौत की ओर धकेल रहे है। गुरुवार को पानीपत-कैराना मार्ग पर खाली पड़े प्लाट में मिला हरियाणा के युवक का शव इसका उदाहरण है। इससे पूर्व विगत 24 मई को भी कस्बे के मोहल्ला गुम्बद निवासी उस्मान की भी नशे की हालत में पालिका मार्केट की दूसरी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी। उसके पास से भी नशे के खाली इंजेक्शन व सिरिंज बरामद हुई थी। ड्रग विभाग की कर्तव्य विमुखता प्रतिबंधित इंजेक्शन व दवाइयों का कारोबार करने वाले ऐसे मेडिकल स्टोर संचालकों के मनोबल व अवैध इनकम में वृद्धि कर रही है। यदि औषधि विभाग पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करें तो प्रतिबंधित दवाइयों के काले कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














