मां सहित दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकते मिले
रविन्द्र पाल
डलमऊ, रायबरेली। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब मां समेत दो बच्चों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से कमरे के अंदर लटकते पाए गये। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुड़ गई हैं।

घटनास्थल से मृतका का मोबाइल कब्जे में ले लिया गया है। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के बिझलामऊ निवासिनी मिटाना 32 वर्ष व उसकी पुत्री जानवी 7 वर्ष सौम्या 5 वर्ष का शव कमरे के अंदर एक ही रस्सी से लटकता पाया गया। प्रातः काल होने पर मृतका की देवरानी रोशनी किसी काम से कमरे के अंदर जा रही थी। कमरे के अंदर का दृश्य देखते ही वह जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगी। घर में शोर-शराबे की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
कुछ ही देर बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों ने आनन-फानन इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पाकर सर्वप्रथम कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी पहुंचे शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन करने लगे। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, एडिशनल एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी अशोक सिंह, एसडीएम आशीष मिश्रा मौके पर पहुंचकर जायजा लेने लगे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटनास्थल पर पहुंची फारेंसिक टीम ने अहम सुराग जुटाए हैं। फिलहाल घटना की वजह परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं मृतका के ससुर राम लखन ने बताया कि उसका बेटा लुधियाना में भट्टे पर काम करता है। किसी तरह हम लोग मेहनत मजदूरी करके अपनी बहू व उसके बच्चों का पेट भरते थे।
घटनास्थल पर मिला मोबाइल
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा बिझलामऊ संदिग्ध परिस्थितियों में मां सहित उसके दो बेटियों का शव फांसी के फंदे से लटकता पाए जाने पर गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं पुलिस भी दबी जुबान से इस मामले को सुलझाने का प्रयास भी कर रही हैं। घटनास्थल से पुलिस को मृतका का मोबाइल मिला है। पुलिस कयास लगा रही है मोबाइल के माध्यम से ही घटना की तह तक पहुंचा जाएगा। फिलहाल यह घटना आत्महत्या है कि हत्या पुलिस इसकी गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई हैं। पुलिस इस घटना को परिवारिक कलह से भी जोड़ने का प्रयास कर रही है।
मामले की छानबीन की जा रहीः पुलिस अधीक्षक
इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















