स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता पूर्वोत्तर रेलवे की प्राथमिकता
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। रेल यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना पूर्वाेत्तर रेलवे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इस उद्देश्य से रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, चिकित्सालयों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा आवासीय कॉलोनियों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित एवं सघन जांच की जा रही है। इसके अंतर्गत पानी की टंकियों, वाटर कूलर एवं वाटर फिल्टर की जांच और रख—रखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ, वाराणसी एवं इज्जतनगर मंडलों पर पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों, कार्यालयों एवं आवासीय कॉलोनियों में नियमित जांच अभियान जारी है।
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण, जीवाणु संवर्धन परीक्षण तथा रासायनिक विश्लेषण किए जा रहे हैं। इन परीक्षणों के माध्यम से पानी की शुद्धता की जांच कर निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में इज्जतनगर मंडल के प्रमुख स्टेशनों- काठ गोदाम, इज्जतनगर, फतेहगढ़, फर्रूखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, लाल कुआं, काशीपुर, पीलीभीत, मथुरा कैंट न्यू माॅडल रेलवे कालोनी इज्जतनगर में स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा 44 अवशिष्ट क्लोरीन परीक्षण एवं 5 जीवाणु संवर्धन परीक्षण किए गए। जांच के उपरांत सभी जल नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाये गये।













