परिचय पूछकर गेट खोलने पर दबंगों ने वृद्ध गेटमैन को जमकर पीटा | #TejasToday
जौनपुर। अपराध मुक्त, भयमुक्त व सुशासन का दंभ भरने वाली योगी की सरकार में धरती के भगवान कहे जाने वाले चिकित्सक व हास्पिटल कर्मी सुरक्षित नहीं हैं। आये दिन हास्पिटलों में तोड़फोड़ व मारपीट की घटना संज्ञान में आती रहती है। ऐसा ही एक प्रकरण जौनपुर पुलिस अधीक्षक के बंगले से महज 50 मीटर दूरी पर स्थित एक हास्पिटल का प्रकाश में आया है।
जहां बुधवार की देर रात वयोवृद्ध गेटमैन द्वारा परिचय पूछकर गेट खोलने पर दो मनबढ़ दबंग युवकों ने वयोवृद्ध गेटमैन को पीटकर घायल कर दिया। वारदात की रिकार्डिंग हास्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे के रिकार्ड हो गई है। भुक्तभोगी ने घटना की सूचना लाइन बाजार पुलिस को देकर न्याय की गुहार लगायी है।
लाईन बाजार पुलिस को भुक्तभोगी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार पुलिस अधीक्षक बंगले से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित हरिओम हास्पिटल पर बुधवार की रात्रि 11 बजे दो मनबढ़ युवक गेट पर पहुंचते हैं गेट पर तैनात वयोवृद्ध गेटमैन शिवपूजन यादव पुत्र मुन्नर राम यादव निवासी गजना थाना गौरा बादशाहपुर ने उक्त युवकों का परिचय और भर्ती मरीज का नाम पूछा तो उक्त मनबढ़ युवकों को नागवार लगा।
दोनों युवक हास्पिटल में प्रवेश करते ही वयोवृद्ध गेटमैन को बेतहाशा पीटने लगते हैं। गेटमैन के नाक से खून आने पर भी घसीट- घसीट कर पीटते है। हो हल्ला मचने पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। फिलहाल भुक्तभोगी ने लाइन बाजार पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगायी है।










