गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू होते ही ग्रामीणों पर आयी आफत
963224
गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण शुरू होते ही ग्रामीणों पर आयी आफत
डम्फरों के नीचे आकर गायब हो गयी दो माह पहले बनी सड़क पंकज मिश्रा डलमऊ, रायबरेली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। मेरठ से प्रयागराज के मध्य 594 किमी में बनने वाले इस प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिए समतलीकरण, मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया गया है। रायबरेली जिले के डलमऊ तहसील क्षेत्र के कई गांवों में भी गंगा एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य होना है जिसके चलते थुलरई गांव में भी मिट्टी ले जाकर समतलीकरण का कार्य शुरू किया गया था। पहले चरण में ही निर्माणाधीन एक्सप्रेस वे में लगे डंपरों ने महज दो माह पहले बनाई गई रोड की ऐसी धज्जियां उड़ाई है जिन पर चलना ग्रामीणों के लिए दूभर हो गया है।
जिला मुख्यालय रायबरेली और ब्लॉक मुख्यालय दीनशाह गौरा से जोड़ने वाले एकमात्र संपर्क मार्ग का निर्माण दो माह पहले ही किया गया था। लेकिन महज दो दिन ही डंपर चलने के बाद सड़क की धज्जियां ऐसी है कि रोड पर कई फीट के गड्ढे हो गए हैं। सड़क में मिट्टी डालकर पटाई करने के बाद भी गड्ढे नहीं भरे जा सके हैं। सड़क की इस दुर्दशा के कारण ग्राम सभा की हजारों की आबादी अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गई है। गांव से स्कूल जाने वाले बच्चे अपने स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, ग्रामीण अपने कार्य नहीं कर पा रहे हैं, गांव आने वाली एंबुलेंस भी अब आपातकालीन सेवाओं में गांव नहीं पहुंच पा रही हैं।
ग्रामीणों, बबलू, अनुभव, दीपक सोनी, अभिषेक कुमार, आशीष सिंह, नरेंद्र आदि ने कहा कि शासन प्रशासन को तत्काल संज्ञान में लेकर इस मामले में कार्यवाही करनी चाहिए जिससे गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण में भी कोई बाधा न बने और गांव के ग्रामीणों के आवागमन वाले मार्ग को भी दुरुस्त कराने में प्रभावी कार्यवाही की जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले चरण में रोड व आवागमन में इतनी समस्या आ गयी है तो आने वाले समय में तो घर से निकलना दूभर हो जाएगा, ग्रामीणों ने मामले में कार्यवाही की मांग की है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।