शहीद की स्मारक पर रखा जाएगा आर्मी का टैंक
पुणे से चलकर मथुरा पहुंचेगा टैंक
आरके धनगर
मथुरा। सदर तहसील के फरह ब्लॉक का झंडीपुर गांव देश का पहला ऐसा गांव बनने जा रहा है। जहां शहीद के सम्मान में उनके स्मारक पर आर्मी का टैंक रखा जायेगा। टी 55 टैंक पुणे से मथुरा के लिए रवाना हो चुका है और इसे 4 अक्टूबर को शहीद बबलू सिंह के पैतृक गांव झंडीपुर में स्मारक स्थल पर रखा जायेगा। विदित रहे कि शहीद बबलू सिंह को सम्मान देने के लिए उनके गांव में बने स्मारक पर रखने के लिए 55 टैंक महाराष्ट्र के पुणे से रवाना कर दिया गया है। आर्मी की सभी कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद इस टैंक को परिवार के लोग ट्रॉली में रखकर 4 दिन पहले पुणे से मथुरा के लिए निकले हैं। राष्ट्र सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले मथुरा के लाल बबलू सिंह 2005 में सेना में भर्ती हुए थे। 18 वीं जाट बटालियन में सिपाही के पद पर भर्ती हुए बबलू सिंह को नियुक्ति के 11 वर्ष बाद 2016 में जम्मू कश्मीर के आतंकवाद विरोधी अभियान में शामिल करते हुए 61 राष्ट्रीय राइफल में तैनाती दे दी गई। सेना मैडल से सम्मानित बबलू सिंह 29 व 30 जुलाई 2016 की मध्य रात को नौगांव सेक्टर में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान आतंकवादियों ने घाटी में घुसपैठ करने का प्रयास किया। आतंकियों की घुसपैठ होते देख राष्ट्रीय राइफल के जवानों ने उन्हें रोकने के लिए फायरिंग की। दोनों तरफ से 6 घंटे तक चली मुठभेड़ में 4 आतंकी मारे गए और अन्य भाग गए। इस दौरान बबलू सिंह देश रक्षा की खातिर शहीद हो गए। उनकी इस बहादुरी अदम्य साहस व कर्तव्य के प्रति निष्ठा को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया था। शहीद बबलू सिंह के भाई हरिओम चौधरी ने बताया कि उनके सम्मान में पैतृक आवास के पास शहीद स्मारक बना हुआ है। जहां उनकी प्रतिमा लगाई गई है। स्मारक के पास ही उनके नाम से पार्क बनाया गया। गांव के मुख्य द्वार,राष्ट्रीय राजमार्ग से आने वाली सड़क का नाम भी शहीद बबलू सिंह के नाम पर रखा हुआ है। हरिओम चौधरी ने बताया कि 2019 में शहीद बबलू सिंह के परिवार और गांव के लोगों ने पार्क में आर्मी का टैंक रखवाने की मांग की थी। जिसमें सेना ने परिवार से कार्यवाही के लिए आवश्यक दस्तावेज मांगे। सेना और रक्षा मंत्रालय तब से लेकर अब तक जो भी जरूरी कागज मांगता वह उसे समय समय पर देते रहे। जिसका परिणाम यह हुआ कि 4 वर्ष की मेहनत के बाद उनको शहीद बबलू सिंह के स्मारक पर टैंक रखवाने के आदेश मिल गया।














