आटा टोल प्लाजा पर गुण्डई की दूसरी तस्वीर आयी सामने
24 घण्टे में दो यात्रियों के साथ हुई मारपीट
टोल पर खुलेआम गुण्डई, कर्मचारियों पर कार्यवाही शून्य
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, जालौन। कानपुर नेशनल हाईवे 27 पर जालौन के आटा थाना क्षेत्र में मौजूद उकासा टोल प्लाजा इन दिनों गुंडई का अड्डा बनता नजर आ रहा है। यहां तैनात कर्मचारी टोल वसूली से ज्यादा यात्रियों से अभद्रता और मारपीट के लिए चर्चाओं में हैं। महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। पहले कानपुर बार एसोसिएशन के मंत्री और अधिवक्ता अक्षर सिंह के साथ टोल कर्मचारियों का विवाद हुआ जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। लेकिन मामला शांत भी नहीं हुआ था कि कुछ ही घंटों बाद एक पिकअप चालक को टोल कर्मियों ने पीट दिया। सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में टोल प्लाजा पर यह दबंगई चल रही है? और जिम्मेदार विभाग अब तक कार्रवाई से दूर क्यों हैं?
बतादेकि उकासा टोल प्लाजा पर कर्मचारियों की दबंगई का नया मामला सामने आया है। पिकअप चालक आशीष, जो कन्नौज का रहने वाला है और कानपुर की एक कंपनी में चालक है जो उरई की ओर जा रहा था। जैसे ही वह उकासा टोल प्लाजा पहुंचा तभी पता चला कि उसकी गाड़ी का फास्टैग रिचार्ज खत्म हो चुका है। चालक ने कर्मचारियों से गाड़ी पीछे करवा देने की बात कही लेकिन यही बात टोल कर्मियों को नागवार गुजर गई। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालक से बदसलूकी शुरू कर दी और देखते ही देखते कई कर्मचारी एकत्र होकर चालक के साथ मारपीट करने लगे। चालक रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाता रहा लेकिन टोल कर्मियों का रवैया नहीं बदला। इससे पहले भी अधिवक्ता अक्षर सिंह के साथ अभद्रता का मामला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रही घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि आखिर उकासा टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? और क्यों जिम्मेदार विभाग अब तक चुप्पी साधे हुए हैं?
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










