मुगलसराय में शराब तस्करी का खुलासा, दो महिलाओं समेत 3 गिरफ्तार
दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने की कार्यवाही
170 टेट्रा पैक में 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने अवैध देशी शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब 170 टेट्रा पैक में रखी गई थी। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में बुधवार सुबह सुभाष पार्क के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक पुरुष और महिला शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर फायर सर्विस के सामने दोनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के बलथुआ निवासी मोहन पासवान और उसकी पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास से ब्लू लाइम और विंडिज ब्रांड की कुल 19 लीटर देशी शराब बरामद हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में परमार कटरा के पास रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने सिर पर गठरी लेकर जा रही महिला को रोककर तलाशी ली। गठरी से 75 टेट्रा पैक में 15 लीटर ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डालमिया नगर निवासी सुनीता देवी के रूप में हुई। दोनों मामलों में मुगलसराय कोतवाली में धारा 60 आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र पांडेय, चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।











