यातायात माह: पुलिस ने आयोजित किया ऑटो एवं टोटो चालकों का जागरूकता शिविर
तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘यातायात माह’ के क्रम में दिन मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान शहर में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा (टोटो) चालकों को एक स्थान पर एकत्र कर उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
शिविर के मुख्य बिंदु एवं दिए गए निर्देश: ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध-ऑटो एवं टोटो चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं। फ्रंट सीट पर सवारी बैठाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित रूट एवं पार्किंग का पालन चालकों को स्पष्ट किया गया कि वे सड़कों पर जहां-तहां वाहन खड़े कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें।सवारी उतारने व बैठाने के लिए केवल निर्धारित स्टैंड व साइड लेन का ही प्रयोग करें।
सभी चालकों को अपने वाहन के वैध कागजात (ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, परमिट, बीमा आदि) हमेशा साथ रखने के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन-वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों व लाइटों का पालन करने की हिदायत दी गई। नाबालिग चालकों पर रोक- ई-रिक्शा या ऑटो का संचालन किसी भी स्थिति में नाबालिगों द्वारा न कराया जाय।
प्रभारी निरीक्षक यातायात ने चालकों को सचेत करते हुए कहा कि जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि इसके पश्चात भी कोई ऑटो या टोटो चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया गया। ओवरलोडिंग करेगा या अनाधिकृत रूप से वाहन खड़ा कर जाम लगाएगा तो उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चालान, वाहन सीज करने एवं विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चन्दौली पुलिस समस्त वाहन चालकों एवं आम जनमानस से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करें और जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।











